सुंदरनगर : दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी अब हिमाचल प्रदेश में भी सक्रिय हो चुकी है। इसी के तहत आम आदमी पार्टी ने मिस्ड कॉल के माध्यम से प्रदेशभर में एक महीने में एक लाख से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य राम प्रकाश शर्मा ने कहा कि हिमाचल में एक लाख सदस्य आम आदमी पार्टी में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान 23 फरवरी से 23 मार्च तक जारी रहेगा, इसके तहत सदस्य शामिल किए जाएंगे।
आम आदमी पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर 16 फरवरी को मिस्ड कॉल प्रणाली शुरू की गई थी। पहले 24 घंटे में ही 16 लाख लोगों ने सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने कहा कि अब तक देश में 50 लाख लोग आम आदमी पार्टी के सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में 23 मार्च तक एक लाख लोगों को आम आदमी पार्टी की सदस्यता देने का लक्ष्य तय किया गया है। पार्टी के सदस्य बनने के लिए 98710-10101 पर मिस्ड कॉल दें। इसके उपरांत आपको संदेश आएगा जिसके साथ एक परफॉर्मा होगा, उस पर पूरी डिटेल भरकर सबमिट करनी है। मात्र इतना करने पर ही सदस्यता मिल जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में भी दिल्ली मॉडल को शुरू किया जाएगा। हिमाचल में पानी और बिजली पर्याप्त मात्रा में होने के बावजूद भी हिमाचली को 70 सालों में कोई भी सरकार निशुल्क उपलब्ध नहीं कर पाई है। आम आदमी पार्टी प्रमुख केजरीवाल हिमाचल के लोगों को दिल्ली की तर्ज पर गवर्नेंस और सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।
इस अवसर पर दिल्ली से आए आपके केंद्रीय सदस्य सुरजीत सिंह, बलविंदर सिंह, बलबीर सिंह, अमित कुमार शहीद, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश मल्होत्रा सह सचिव शेर सिंह ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर चेतराम, ठाकुर सुरेंद्र मोहन कश्यप, हरदेव सिंह, भीम सिंह डोगरा, अमर सिंह राघवा, नंदलाल चंदेल, कमल कांत खुल्लर, गुरिंदर सिंह, शकील अख्तर, लालमन, रविंदर शर्मा, सुरजीत सिंह, अमित कुमार भी शामिल हुए।