हरिपुरधार : एक बार फिर 108 नेशनल एम्बुलेंस में प्रसव सफल हुआ। उप तहसील रोनहाट के अंतर्गत आने वाले गांव डाहर की रहने वाली विनीता देवी को रविवार रात करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला के पति ने 108 एम्बुलेंस को फोन किया। जिसके बाद हरिपुरधार में तैनात ईएमटी विनोद और पायलट संजीव केस के लिए निकल गए और डाहर में पहुंच गए।
वहां उन्होंने देखा कि महिला को प्रसव पीड़ा ज्यादा हो रही थी। वह उसे लेकर तुरंत अस्पताल के लिए निकल गए। अभी वह थोड़ी ही आगे ही पहुंचे थे कि महिला की पीड़ा बढ़ गई। मौके की गंभीरता देखते हुए ईएमटी विनोद ने एम्बुलेंस में ही डिलीवरी करवाने का निर्णय लिया। उन्होंने पाया कि ये ब्रीच प्रेजेंटेशन (उल्टा बच्चा) है। बड़ी सूझ-बूझ से ईएमटी विनोद व पायलट संजीव ने देर रात 12:08 बजे सफल प्रसव करवा दिया। विनीता ने एक कन्या को जन्म दिया।
महिला के पति धनवीर ने ईएमटी व पायलट का आभार जताया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को शिलाई अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां दोनों सुरक्षित हैं। ईएमटी विनोद ने कुछ दिन पहले भी हरिपुरधार से दो किलोमीटर दूर नौहराधार जाते समय भारी बर्फबारी में सफल डिलीवरी करवाई थी। गौर हो कि अक्सर गर्भवती महिला व अन्य मरीजों को या तो संगडाह रैफर किया जाता है या फिर राजगढ़ या सोलन के लिए, जिसके कारण मरीज को भी खतरा होता है।