चंबा : विकास खंड के तहत ग्राम पंचायत पल्यूर में 4 लाख रुपए से बने खेल मैदान पर एक व्यक्ति ने गेहूं की फसल उगा डाली। जबकि पंचायत प्रधान ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। प्रधान के खिलाफ की गई शिकायत की जांच विकास खंड के अधिकारी ने की। जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद प्रधान के विरुद्ध लगाए आरोप प्रथम दृष्टि प्रमाणित हुए हैं। विकासखंड अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रधान को नोटिस मिलने के 10 दिनों के भीतर विकास खंड अधिकारी के माध्यम से जवाब देना होगा।
जानकारी के अनुसार पल्यूर पंचायत के नैहणूई की एसटी बस्ती में खेल मैदान का निर्माण किया गया। इस निर्माण कार्य पर 4 लाख रुपए की राशि खर्च हुई। मगर खेल मैदान पर एक स्थानीय व्यक्ति ने गेहूं की खेती कर दी। इसके बावजूद पंचायत प्रधान ने खेल मैदान पर खेती करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। दूसरा आरोप पंचायत प्रधान पर लगाया गया है कि पंचायत में मशरूम उत्पादन केंद्र के निर्माण के लिए 8 लाख 84 हजार 700 रुपए की राशि स्वीकृत हुई और ग्राम पंचायत प्रस्ताव के अनुसार 112/137 व खसरा नंबर 294/2 का अनुबंध किया गया था।
विकास खंड अधिकारी ने ग्राम पंचायत को मशरूम उत्पादन केंद्र निर्माण के लिए 7 लाख 54 हजार 700 रुपए की राशि जारी की गई। लेकिन पंचायत प्रधान ने अनुबंध के अनुसार तय कार्यस्थल के बजाय खेवट नंबर 113/111 खतौनी नंबर 135/136 व खसरा नंबर 447/289 पर निर्माण किया। उपायुक्त विवेक भाटिया ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संबंधित पंचायत प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इसके साथ ही 10 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। जवाब न देने पर पंचायत प्रधान के खिलाफ एक तरफी कार्रवाई की जाएगी।