मंडी : सीएम के गृह जिला में युवा कांग्रेस ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का पुतला दहन की कोशिश की, लेकिन चौकस पुलिस ने युकां के पुतला दहन कार्यक्रम को सफल नहीं होने दिया। जैसे ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह गांधी भवन से एकत्रित होकर बाहर निकले और अनुराग ठाकुर के पुतले को जलाने की कोशिश करने लगे तो पुलिस जवानों ने कार्यकर्ताओं से पुतला छुड़ाने की कोशिश की। काफी छीना झपटी के बाद पुलिस पुतला छुड़वाने में सफल रही।
हालांकि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मोदी सरकार से उन्हें पद से हटाने की मांग की। युवा कांग्रेस की ओर से जारी बयान में उन्होंने पुलता दहन का दावा किया है। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला छुड़वाकर पुतला दहन नहीं होने दिया। युकां कार्यकर्ता रविंद्र ने बताया कि दिल्ली में अनुराग ठाकुर ने भड़काउ भाषण दिया था, जिसके विरोध में यह पुतला दहन किया गया। उन्होंने कहा कि भड़काउ भाषण देने वाले मंत्री अनुराग को उनके पद से हटाया जाना चाहिए।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के स्टाॅर प्रचारक में शामिल केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर विवादित नारों में घिरे थे। जिस पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई भी की है। इस बीच अब युवा कांग्रेस ने भी विरोधस्वरूप शहर में अनुराग ठाकुर का पुतला जलाने की कोशिश की। हालांकि वह इसमें सफल नहीं हो पाए।