नाहन : वीरवार को हिमाचल कांग्रेस ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के घर में घुसकर राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि को एकता दिवस के तौर पर मनाया। लाजमी तौर पर नाहन में कार्यक्रम के आयोजन के पीछे मकसद डॉ. राजीव बिंदल को घेरने का ही सोचा गया होगा। बहरहाल एसएफडीए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर व बीजेपी के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को निशाने पर लिया।
राठौर ने कहा कि अनुराग ठाकुर को स्टार प्रचारक के पद से हटाना ही काफी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को संज्ञान लेते हुए अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल से हटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की बयानबाजी से समूची देवभूमि को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। बीजेपी के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर हमला करते हुए राठौर ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब विधानसभा अध्यक्ष सक्रिय रूप से चुनाव में सक्रिय था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति को धन व बल के बूते दूषित किया जा रहा है। इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने 2022 के विधानसभा चुनाव का लक्ष्य है। इसको लेकर कमेटियों का गठन अंतिम दौर में हैं। हालांकि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन कुछ देर ही रुके। अहम बात यह भी थी कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिरमौर के शीर्ष कांग्रेसी नेता हर्षवर्धन चौहान, विनय कुमार, गंगूराम मुसाफिर, करनेश जंग चौधरी, दलीप चौहान व अजय बहादुर सिंह इत्यादि ने मौजूदगी दर्ज करवाई। इसके अलावा एक अहम पहलू यह भी था कि कांग्रेस इस सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने में सफल रही।
लाजमी तौर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के घर में यह सम्मेलन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी का काम कर सकता है, क्योंकि मनोबल बढ़ेगा। प्रदेश कांग्रेस के अल्पसंख्यक विंग के हाल ही में चेयरमैन बने इकबाल मोहम्मद ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय योगदान दिया। अल्पसंख्यक चेयरमैन के पद पर हाल ही में इकबाल मोहम्मद की नियुक्ति दिल्ली से हुई थी।