शिमला : दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के विवादित नारे को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने उनका नाम भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर करने का आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक अनुराग ठाकुर और परवेश सिंह वर्मा के नाम स्टार प्रचारक की सूची से हटाने को कहा है। चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई दिल्ली विधानसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर और परवेश वर्मा के विवादित बयानों से आचार संहिता का उल्लंघन होने संबंधी दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की है।
दरअसल अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में एक चुनावी रैली में भीड़ से नारा लगाया था “देश के गद्दारों को, गोली मारों सारों को”। चुनाव आयोग ने प्रथम दृष्टया अनुराग ठाकुर को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुये पिछले कल कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था।
अनुराग ठाकुर के इस विवादित नारे पर प्रदेश कांग्रेस ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने इसे निंदनीय करार दिया था और चुनाव आयोग से अनुराग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का कहना है कि अनुराग से इस तरह की भाषा शैली की उम्मीद नहीं थी और उनके इस व्यवहार ने प्रदेश को शर्मसार किया है। इसी तरह भाजपा सांसद परवेश वर्मा ने एक चुनावी सभा में कहा था कि कश्मीरी पंडितों के साथ जो हुआ वह दिल्ली में भी हो सकता है। शाहीन बाग में लाखों लोग जुटते हैं, वे आपके घरों में घुस सकते हैं और आपकी बहनों एवं बेटियों से बलात्कार कर सकते हैं और उनकी हत्या कर सकते हैं। अब लोगों को निर्णय करना है। चुनाव आयोग ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की। परवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।