भुंतर : खुशबू को गणतंत्रता दिवस की पूरी रात पति व सास ने किस कदर प्रताड़ित व मारपीट की उसके शरीर पर पड़े घाव इस की गवाही स्वयं दे रहे हैं। हैवी ड्राइविंग लाइसेंस धारक बहादुर महिला दू व्हीलर से फोर व्हीलर को फर्राटे से दौड़ाती है। लेकिन दुनियादारी के चक्रव्यूह में जकड़ कर प्रताड़ना का शिकार हुई है। अपनी हिम्मत व होशियारी से अपने प्राणों की रक्षक खुद बन गई। साथ ही समाज का क्रूर चेहरा भी सामने लाने में सफल हुई है।
26 जनवरी की रात बेटी के हाथ-पांव बांध के रखे व पिटाई करते रहे। सास ने अपने बेटे को यह कहा था कि जब तक इसकी आंखों से आंसू नहीं निकलते तब तक पिटाई करनी है। पहले मुंह से हाथ पांव खोले, फिर भागने की चुनौती सामने थी। दूसरी मंजिल से छलांग ही एक मात्र विकल्प था। पहले रजाई नीचे फेंकी फिर उस पर कूदी। इस कोशिश में कुदरत ने भी साथ दिया। अन्यथा पहले ही दर्द से तड़फ रही खुशबू के जख्म बढ़ सकते थे, यहां तक की जान भी जा सकती थी। खुशबू ने तो उस रात अपनी जीवन लीला ही समाप्त समझी थी। लेकिन बहादुरी से हौंसला रखा व रात भर प्रताड़ना सहती रही।
सुबह उसके हाथ पांव खोले गए और नहलाया गया फिर दोबारा दुपट्टे से बांध दी गई। घर से बाहर न निकले इसलिए मेन दरवाजा बंद रखा था। फिर भी बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अपने हाथ-पांव खोले और दूसरी मंजिल के कमरे खिड़की खोली। ससुरालियों के चंगुल से निकल कर अपने मायके थलौट पहुंची। थलौट में रहने वाली महिलाकी शादी पनारसा में हुई, ससुराल व मायके की दूरी लगभग 5-7 किलोमीटर ही है। शादी के मात्र दो महीनों में ही पति का हैवानियत भरा चेहरा सामने आ गया।
26 जनवरी 2019 को शादी हुई। अप्रैल से पत्नी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी ने एक साल में ही अपना असली रूप इस कदर दिखाया कि इंसानियत को शर्मसार कर दिया। 26 जनवरी को अपनी पत्नी को पीटकर और उससे तलाक मांगकर शादी की पहली सालगिरह मनाई। माता ने बताया कि 26 जनवरी 2019 को पनारसा निवासी चिरंजी के साथ शादी हुई। शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने खुशबू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
ससुराल वालों की प्रताड़ना से दुखी महिला जब भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने गई तो वहां पर ससुराल वालों ने घरेलू मामला बताते हुए समझौते करवा लिए। 26 दिसंबर 2019 को फिर प्रताड़ित किया। हालात ज्यादा बिगड़ जाने पर मायके आई, इस दौरान अस्पताल भी दाखिल रही। इस वर्ष 26 जनवरी को जब खुशबू और चिरंजी की शादी की सालगिरह थी, तो चिरंजी की मां इंद्रा देवी उसके मायके उसे लाने गई। सास का मान रखते हुए खुशी से उसके ससुराल चली गई। लेकिन सालगिरह की रात पति व सास ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी।
पुलिस ने करवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए और 323 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुलिस को कड़ा संज्ञान लेने के आदेश दिए हैं। वहीं वन मंत्री गोविंद ठाकुर भी पीड़ित के मायके वालों के संपर्क में हैं और पल-पल की खबर रखें हैं। उनका कहना है कि पीड़ित महिला से मारपीट करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। तो वहीं बेटी बचाव व महिला कल्याण समिति भुंतर व क्षत्रिय महासभा कुल्लू के अलावा कई समाज सेवी खुशबू का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।