भुंतर : कुल्लू देव देवभूमि के नाम से विख्यात है। इस भूमि को देव भूमि यूं ही नहीं कहा जाता। प्रदेश की समूची भूमि ही देव व पुरातन संस्कृति से ओतप्रोत है। यहां के लोगों की ईमानदारी के चर्चे देश-विदेश में किए जाते हैं। यहां के लोगों में आज भी ईमानदारी कूट-कूट कर भरी हुई है। इस बात को एक बार फिर से सच साबित करके दिखाया है ग्राम पंचायत पीणि के उपप्रधान हिम सिंह और उनके दोस्त राजेश महंत ने।
हिम सिंह और उनके दोस्त राजेश महंत को मंगलवार को मणिकर्ण घाटी के छरोडनाला में सड़क पर गहनों से भरापर्स मिला। जिसमे मंगलसूत्र व अन्य ज्वैलरी के साथ लगभग दो लाख से ज्यादा के गहने थे। जिसकी जानकारी हिम सिंह ने बुधवार को पुलिस को दी। हिम सिंह ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए पर्स पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल के पास सौंप दिया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उसको कल मणिकर्ण रोड़ छरोडनाला के पास सड़क किनारे पड़ा हुआपर्स मिला।
उन्होंने दरख्वास्त की कि यह पर्स जिसका भी हो उसे पूछताछ के बाद वापस कर दिया जाए। पर्स में लगभग 2 लाख से अधिक के गहने थे। इतने अधिक गहने देखने के बाद भी हेम सिंह का ईमान नहीं बदला और उन्होंने सारा सामान हिफाज़त के साथ पुलिस के पास जमा करवा दिया। महिला का पति मस्त राम एलआईसी कार्यालय में जॉब करता है और उसे जैसे ही जानकारी मिली। उसकी खुशी का ठिकाना नही था। वह तुरंत एसपी कार्यालय पहुंचा और एएसपी राजकुमार चन्देल ने पूछताछ के बाद गहने मस्त राम को सौंपे। मस्तराम ने हिम सिंह व राजेश महंत का आभार जताया।