शिमला : हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम कहर बरपा सकता है। समूचे प्रदेश में व्यापक वर्षा, ओलावृष्टि और बर्फबारी लोगों की परेशानियां बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने 6 व 7 जनवरी को शिमला सहित पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी तथा मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि व वर्षा की चेतावनी दी है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले हफते खराब मौसम की वजह से ठंड का प्रकोप काफी बढ़ जाएगा।
मौसम विभाग शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले दो दिन शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर व लाहौल स्पीति में भारी बर्फबारी तथा मैदानी जिले ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में भारी बारिश और ओलावृष्टि के प्रबल आसार हैं। 10 जनवरी को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन 11 जनवरी को फिर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है।
बता दें कि शिमला सहित ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को नए साल की बर्फबारी हुई थी। इस कारण प्रदेश में 4 नेशनल हाईवे और 51 सड़कें बंद हो गई थीं। राजधानी शिमला में रविवार को दोपहर तक धूप खिली रही, लेकिन इसके बाद मौसम खराब हो गया। शिमला में तापमान माइनस में पहुंच गया है। यहां ऐतिहासिक रिज मैदान पर नगर निगम की पानी की पाइपों से लीक हो रहा पानी भी आज दिन में जमा मिला।
शहर के कई हिस्सों में पानी की पाइपों के जम जाने से जलापूर्ति बाधित हुई है। शिमला में दिन का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और रात का -0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कुफरी और मनाली का न्यूनतम तापमान रविवार को शून्य से 5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में पारा -11.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सोलन में न्यूनतम तापमान -0.5 और सुंदरनगर में -0.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा चंबा में 0.5, पालमपुर में 1, मंडी में 2.1, धर्मशाला में 2.2, कांगड़ा में 2.4, भुंतर में 2.5, जुब्बड़हट्टी में 2.9, हमीरपुर में 3, बिलासपुर में 3.5 और ऊना में 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।