शिमला : राजधानी में क्रिसमस व नव वर्ष के पहले दिन हिमपात का लुत्फ नहीं लिया जा सका, लेकिन शनिवार को वीकेंड पर अचानक बर्फबारी का दौर शुरू हुआ, तो पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नए साल की पहली बर्फबारी का यहां घूमने आए पर्यटक जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। रिज मैदान व माॅल रोड पर उमड़े पर्यटक नाच-गाकर बर्फबारी का जश्न मना रहे हैं। यहां हुए ताजा हिमपात के बाद पर्यटन कारोबारी भी खुश हैं। सैलानियों की भीड़ के बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।
शिमला के नजदीकी पर्यटक स्थलों कुफरी, फागू और नारकंडा में भी बर्फबारी हो रही है। सर्दियों के मौसम का यह तीसरा हिमपात है। इससे पहले विगत 13 और 15 दिसंबर को यहां बर्फबारी हुई थी। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बतायाकि शिमला और उसके नजदीकी पर्यटक स्थलों में आज सुबह हल्का हिमपात हुआ है। यह नए साल का पहला हिमपात है। उन्होंने कहा कि आज न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिले का केलंग राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान -10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में -3 डिग्री, मनाली में -1.2, डल्हौजी में -0.6, सोलन में 2, सियोबाग में 2.5, धर्मशाला में 2.8, पालमपुर में 4, भुंतर व ऊना में 4.6, जुब्बड़हट्टी में 4.7, सुंदरनगर में 4.8, मंडी में 6, कांगड़ा व चंबा में 6.6, हमीरपुर में 6.5 और बिलासपुर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनमोहन सिंह ने आगामी 24 घंटों के दौरान पर्वतीय इलाकों में हिमपात की संभावना जताई है। इस दौरान मैदानी इलाकों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
Latest
- पिछले वर्ष की तुलना में अप्रैल में कोयला उत्पादन में 7.41 % की वृद्धि दर्ज
- शिमला : किराए के कमरे में हीटर पर मृत पड़ा मिला व्यक्ति, जांच में जुटी पुलिस
- हिमाचल में JICA परियोजना की प्रगति की समीक्षा को 3 दिवसीय दौरे पर जापान के दूतावास के प्रतिनिधि
- पैराग्लाइडिंग व ड्रोन फ्लाइंग पर 6 मई को कांगड़ा में रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
- कंपनी के कर्मचारी पर करीब डेढ़ लाख की किस्त गबन करने का आरोप