कुल्लू : सरकार द्वारा जारी अधिसूचना द्वारा अधिसूचित ‘‘नारी शक्ति पुरस्कार‘‘ के अंतर्गत राज्य में महिलाओं के विकास एवं सशक्तिकरण हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं संगठनों को सम्मानित करने हेतु आवेदन पत्र आमन्त्रित किए गए हैं। योजना के अनुसार ऐसी महिलाएं एवं सगंठन जोकि महिलाओं के विकास एवं सश्क्तिकरण हेतु स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं कला व संस्कृति के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट योगदान दे रहें हो वह इस योजना के अंतर्गत पात्र हैं। ऐसी महिलाओं एवं संगठनों को महिला दिवस 8 मार्च 2020 को सम्मानित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी कुल्लू वीरेंद्र आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा प्रति वर्ष अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही व समाज के लिए प्रेरणा बनी महिलाओं को प्रोत्साहित करने, उनका मनोबल बढाने के लिए उन्हें सम्मानित किया जाता है। इसी कडी में इस वर्ष भी राज्य स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन होगा। जिसके लिए पात्र महिलाएं अपने आवदेन ऑनलाइन वैबसाइट www.narishaktipuruskar.wcd.gov.in पर 7 जनवरी तक भेज सकती है। उन्होंने बताया कि पात्रता व उक्त आवेदनकर्ता के कार्यों की उत्कृष्टता को देखते हुए ही उन्हें सम्मानित किया जाएगा। आवेदनकर्ता अधिक जानकारी www.wcd.in. वैबसाइट से प्राप्त कर सकती हैं।
इन योग्यताओं का होना जरूरी
आवेदन करने वाली महिला 1 नवम्बर 2019 तक 25 वर्ष या इससे अधिक आयु की होनी चाहिए। आवेदनकर्ता महिला, संगठन एवं संस्था अपने कार्य क्षेत्र में 5 साल से कार्यरत होनी चाहिए। आवेदनकर्ता महिला ने इससे पूर्व यह सम्मान प्राप्त न किया हो।