बिलासपुर : झंडूता पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत समोह के गांव निहान में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार समोह पंचायत के निहान गांव में जंगल के साथ लगती लोगों की निजी बंजर भूमि में शरारती तत्वों द्वारा लगाई गई कड़की (फाही) में बीती रात एक तेंदुआ फंस गया।
शरारती तत्वों ने कड़की में फंसे तेंदुए की एक टांग को काट कर उसके नाखून ले गए हैं। वन रक्षक शेर सिंह को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि एक तेंदुआ कड़की में फंसा हुआ है। वन रक्षक ने इसकी सूचना पुलिस थाना झंडूता को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गई और मृत तेंदुए को अपने कब्जे मे ले लिया। पुलिस और वन विभाग ने पशु चिकित्सालय गेहड़वीं में तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने तेंदुए के शव को वन विभाग को सौंप दिया।
वन खण्ड अधिकारी घुमारवीं देश राज सांख्यान ने बताया कि विभाग ने तेंदुए के अंतिम संस्कार के लिए टीम का गठन कर अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस थाना प्रभारी प्रीतम चन्द शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने वन प्राणी अधिनियम 51 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की बारीकी से जांच में जुट गई है।