शिमला : शुक्रवार को रिज मैदान की रैली में बतौर मुख्य वक्ता पहुंचे, देश के गृहमंत्री अमित शाह ने विधानसभा स्पीकर डॉ. राजीव बिंदल का भी संबोधन किया। चूंकि उनसे पहले किसी भी वक्ता ने विधानसभा अध्यक्ष का संबोधन नहीं किया था, लिहाजा इसके मायने निकाले जाने लगे हैं।
दरअसल, मंत्रिमंडल को टलते-टलते काफी वक्त हो चुका है। लिहाजा संभावना जताई जा रही है कि इस रैली के बाद जयराम सरकार में मंत्री के रिक्त पडे़ दो पदों को भर लिया जाएगा। चर्चा इस बात की है पार्टी के अध्यक्ष होने के नाते अमित शाह भी डॉ. राजीव बिंदल के नाम पर सहमत हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के उदघाटन के दौरान डॉ. राजीव बिंदल खुद कह चुके हैं कि वो मुख्यमंत्री के भरत हैं। इन बातों से ऐसा प्रतीत होता है कि मंत्रिमंडल की दौड़ में डॉ. राजीव बिंदल अग्रणी पंक्ति में हैं।
उल्लेखनीय है कि आज के दिन जब दो साल पहले जयराम सरकार ने शपथ ली थी, तो उस दौरान भी मंत्री पद के लिए बिंदल का नाम आगे चल रहा था। लेकिन मंत्री के तौर पर शपथ न लेने पर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अपने स्तर पर ही प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह कहा था कि डॉ. राजीव बिंदल विधानसभा अध्यक्ष होंगे। फ्लैश बैक में जाएं तो बिंदल की संगठन में भी स्थिति मजबूत नजर आ रही है। दीगर है कि शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी गृहमंत्री अमित शाह का जोरदार इस्तकबाल किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री सहित पार्टी के कई अन्य मंत्री भी हैलीपैड पर मौजूद थे। जानकारों का यह भी कहना है कि रिज मैदान की रैली में डॉ. बिंदल मुख्य मंच पर मौजूद नहीं थे, बावजूद इसके गृहमंत्री ने उनका संबोधन किया। कुल मिलाकर अगर बिंदल को मंत्रिमंडल में स्थान मिलता है तो नाहन विधानसभा क्षेत्र को पहला कैबिनेट मंत्री मिलेगा। इससे पहले श्यामा शर्मा राज्य मंत्री रह चुकी हैं। धूमल सरकार में श्यामा शर्मा को प्लानिंग बोर्ड में उपाध्यक्ष का रुतबा मिला था।