नाहन : मंगलवार सुबह ऐतिहासिक शहर कोहरे की चादर में लिपटा हुआ नजर आया। हालांकि सोमवार देर शाम से मैदानी इलाकों का कोहरा शहर की तरफ रुख कर चुका था, लेकिन सुबह होते होते ही चारों तरफ कोहरा फैल गया। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। पिछले 2 दिन से मौसम खुश्क बना हुआ था। खिली धूप से लोग सर्दियों का जमकर लुत्फ उठा रहे थे। मंगलवार को सूर्य देव कोहरे के बीच गायब हो गए।
फिलहाल शहर की अंदरूनी सड़कों पर कोहरे ने विजिबिलिटी पर सुबह के वक्त ज्यादा असर नहीं डाला था। मगर संभव है कि जैसे-जैसे कोरा बढ़ेगा तो इसका असर पड़ सकता है। दीगर है कि कालाअंब के अलावा नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर कोहरा पिछले कई दिनों से आम जनजीवन पर असर डाल रहा था। लेकिन इस कदर नाहन पहुंच जाएगा इसका अंदाजा नहीं था। बताते हैं कि दिसंबर माह के महीने में शहर में इस तरह से कोहरा लंबे अरसे बाद नजर आया है।
रोचक बात यह है कि शहर के कई हिस्सों से कोहरे की चादर ने बेहद ही मनमोहक नजारा भी पेश किया। अस्पताल से पहाड़ों के बीच कोहरे ने एक परत बना ली थी जो देखने पर बर्फ की तरह ही नजर आई। उधर सिरमौर के ऊपरी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। संगड़ाह उपमंडल के कई इलाकों में बर्फबारी ने आम जनजीवन पर गहरा असर डाला है। मार्गों के अवरुद्ध होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।