शिमला : मौसम विभाग की चेतावनी के बीच गुरूवार को अप्पर शिमला में व्यापक हिमपात हुआ। नारकंड़ा, खड़ापत्थर और चौपाल इत्यादि इलाकों की ताजा बर्फबारी से राज्य मुख्यालय से संपर्क कट गया है। इन इलाकों में चार से छह इंच तक बर्फ गिरी है। बर्फबारी का क्रम अभी भी जारी है। कुफरी के बाद शिमला शहर में बर्फबारी का पर्यटक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शाम के समय यहां बर्फ के फाहे गिरे। मौसम के तेवरों को देखते हुए रात्रिकाल में हिल्स क्वीन में बर्फबारी का अनुमान लगाया जा रहा है। बर्फ की चाह में पर्यटकों ने यहां डेरा जमा लिया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान शिमला सहित पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। जिला शिमला में गुरूवार सुबह से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था। वहीं शिमला में बारिश हुई। बर्फबारी के कारण एनएच-5 सहित अनेक संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। बर्फबारी से फिलहाल निजात मिलने के आसार नहीं हैं। जानकारी के मुताबिक रामपुर-शिमला नेशनल हाईवे नारकंडा में अवरूद्व हो गया है। राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा रामपुर व रिकांगपिओ के लिए वाया बसंतपुर होकर बसें भेजी जा रही हैं।
बर्फबारी की वजह से ननखड़ी-खमाड़ी, ननखड़ी-टूटूपानी संपर्क मार्ग भी बाधित हैं। इसी तरह शिमला-रोहड़ू मुख्य मार्ग खड़ापत्थर में हुए व्यापक हिमपात से अवरूद्व है। कोटखाई के आगे किसी भी वाहन को जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। खड़ापत्थर-मडोल, खडापत्थर-पटसारी, खड़ापत्थर-टाहू संपर्क मार्ग पर भी यातायात ठप्प है। चैपाल उपमंडल के खिड़की नामक स्थान पर हुए भारी हिमपात से शिमला-चौपाल मुख्य मार्ग भी बंद है। उपमंडल की संपर्क सड़कें खिड़की-मडोग, पुजारली-मातल, धनबास-सराहन इत्यादि बर्फबारी से बंद हैं।
बर्फबारी के कारण निगम की कई बसें ऊपरी शिमला में जगह-जगह फंस गई हैं। गुरूवार को जिला में एचआरटीसी के चार दर्जन से अधिक रूट प्रभावित हुए हैं। लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा रहा। जहां न्यूनतम तामपान माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला के कुफरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और यह मनाली से ठंडा रहा।
किन्नौर के कल्पा में माइनस 0.9 डिग्री, मनाली में 1.8, डल्हौजी में 2.3, शिमला में 2.8, मंडी में 3.6, सोलन में 4, भुंतर में 4.4, बिलासपुर में 5.5, हमीरपुर में 6 और धर्मशाला में 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, अधिकतम तापमान की बात करें, तो राजधानी शिमला का तापमान आठ डिग्री लुढ़क कर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। डल्हौजी में अधिकतम तापमान शून्य, कल्पा में 0.8, सुंदरनगर में 11.4, भुंतर में 8.5, धर्मशाला में 9.4, हमीरपुर में 12.8, कांगड़ा में 12.7, बिलासपुर में 13 और उना में 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने अगले 24 घंटों के दौरान पर्वतीय जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मैदानी क्षेत्रों में 14 तथा मध्यम व उंचाई वाले भागों में 15 दिसंबर तक मौसम के खराब रहने की संभावना है।
Latest
- हिमाचल में 15 IPS सहित 142 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगा DGP डिस्क अवार्ड
- ….तो क्या, हिमाचल प्रदेश में दूसरी बार भी होगा विधानसभा का उपचुनाव, न होने का ये गणित….
- हिमाचल के DGP संजय कुंडू सेवानिवृत्त, जानिए कौन हो सकते हैं पुलिस के नए चीफ
- नाहन : 38 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर सेवानिवृत्त हुए FRO सतपाल शर्मा
- जीवन की कहानी : मेरिट में दो अंको से चूकी मिस्त्री की बेटी, असाधारण था सफर