मंडी : बीते दो-तीन दिनों से मौसम खराब रहने के बाद बादल मंडी में बरसने लगे हैं। मंडी में देर रात से ही बारिश का क्रम जारी है। बारिश होने से पहाड़ों में ठंड बढ गई है और मैदानी इलाकों में लोगों को शुष्क ठंड से राहत मिली है। बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। लेकिन ठंड का प्रकोप बढ़ने से लोग घरों में हीटरों के पास दुबक गए हैं। बारिश के कारण शहर में भी लोगों की चहल-पहल कम हो गई है। इसी के साथ अगर मंडी के किसानों से बात की जाए तो उनके लिए बारिश किसी वरदान से कम नहीं है।
किसानों ने अपने खेतों में गंदम कि बिजाई की है। जिसके लिए बारिश बहुत उपयोगी साबित होगी। खराब मौसम के चलते बागवानों को भी राहत मिली है। मौसम के मिजाज को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात को जिला के उंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। हालांकि अभी तक जिला के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की सूचना नहीं है। लेकिन निश्चित तौर पर मौसम खराब रहने पर पहाड़ बर्फ से लद सकते हैं।
बारिश होने से लोगों को शुष्क ठंड और इससे होने वाली बिमारियों से राहत मिली है। लेकिन अभी ठंड का प्रकोप बर्फबारी होने के बाद और बढ़ सकता है। हालांकि जिला प्रशासन ने खराब मौसम के चलते जिला में लोगों को ऐहतियात बरतने की सलाह दी है।