हमीरपुर : ब्यास नदी के तट पर अब लोग केवल पांच सौ रूपय में रिवर राफ्टिंग का आनंद ले रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ही एसडीएम किरण भड़ाना आईएएस अधिकारी ने विधिवत तौर पर ब्यास नदी के तट पर रिवर राफ्टिंग का शुभारंभ किया था। नादौन ब्यास नदी के तट पर रिवर राफ्टिंग को पर्यटन व आर्थिक दृष्टि से बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त हरिकेश मीणा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, एसडीएम नादौन किरण भड़ाना, बीडीओ पारस अग्रवाल, थाना प्रभारी प्रवीण राणा सहित अन्य अधिकारी भी यहां राफ्ट द्वारा भ्रमण कर चुके हैं।
जानकारी देते हुए किरण भड़ाना ने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी उत्तराखण्ड के नितिन को यहां राफ्ट चलाने की स्वीकृति प्रदान की है। परंतु स्थानीय युवाओं को भी इस रोजगार से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। ताकि नादौन को पर्यटन की दृष्टि से उभारा जा सके। इसके अलावा इसके साथ जुड़े अन्य रोजगार के साधनों को भी विकसित करने की योजना को साकार रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ ही दिन पूर्व यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
नादौन को पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए लंबित पड़ी इस योजना पर प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। सुजानपुर से नादौन तक इस कार्य के लिए सबसे अच्छा ट्रैक माना गया है। आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों व पर्यटकों को यह सुविधा व्यापक स्तर पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि प्रशासन की यह योजना सफल होती है तो नादौन का नाम पर्यटन की दृष्टि से देश भर के मानचित्र पर आ सकता है।
उन्होंने बताया कि नादौन से यह राफ्ट चंबा पत्तन तक चलेगी। इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उधर उत्तराखण्ड से नादौन आकर यह योजना आरंभ करने वाले नितिन ने बताया कि एक राफ्ट की कीमत साढ़े चार लाख रूपय तक है और उपलब्ध करवाई जा रही किट करीब नौ हजार रूपय तक है। अभी से ही पर्यटन करने वालों का काफी अच्छा रिस्पोंस मिल रहा है। नादौन से यह राफ्ट चंबा पत्तन तक चलेगी, जिसके बाद राफ्ट को वहां से अन्य वाहन द्वारा फिर से नादौन तक पहुंचाया जाएगा। जहां से अगला ट्रिप आरंभ होगा।