बिलासपुर : पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष सूबेदार प्रकाश चंद शर्मा का शनिवार को प्रातः काल एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूबेदार प्रकाश चंद अपने निवास स्थान से घुमारवीं की ओर कार में आ रहे थे। नियंत्रण खो जाने के कारण कार साथ लगती सीरखड्ड में लुढ़कती हुई करीब दो सौ मीटर नीचे जा गिरी। जिससे हादसे में उनकी मौत हो गई।
सुबेदार प्रकाश चंद का पूर्व सैनिकों को उनके अधिकारपूर्ण अधिकारों को सरकार से दिलवाने में अहम योगदान रहा है। वन-रैंक वन पेंशन के लिए दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए पूर्व सैनिकों के आंदोलन में सूबेदार प्रकाश चंद ने अहम भूमिका निभाई थी। सूबेदार प्रकाश चंद के आकस्मिक निधन से बिलासपुर में शोक की लहर छा गई है।