नाहन: राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सिरमौर के खिलाड़ियों ने जबरदस्त तरीके से परचम लहराया है। लड़कों के वर्ग में अधिकतर पुरस्कारों पर कब्जा जमाया। नन्हें खिलाड़ी नमन भटनागर ने अंडर-15 अंडर-18 अंडर-21 में विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि नन्हा खिलाड़ी नमन भटनागर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी काबलियत का लोहा मनवा रहा है। सोलन में आयोजित 53वीं राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सिरमौर के 15 लड़कों व लड़कियों ने हिस्सा लिया।
अंडर-15 के टीम इवेंट में नमन भटनागर, शिवम वेदांत व अनंत अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-18 में भी टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस टीम में नमन भटनागर शिवम वेदांत व प्रभव शामिल थे। अंडर- 21 में नमन मगर मेहुल विभु व प्रभव की टीम ने प्रथम स्थान अर्जित किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में नमन भटनागर ने अंडर-15, 18 व 21 में प्रथम स्थान अर्जित किया। इसके अलावा सिरमौर के अरव गुप्ता ने अंडर-10 में उपविजेता बनने का अवसर हासिल किया।
गर्ल्स की स्पर्धा में अक्षरा अग्रवाल अंडर-10 में विजेता बनी, जबकि पावनी अंडर-12 में विजेता बनी। इसके अलावा अनन्या ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19, 21 के अलावा महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। विभु ने भी अंडर-21 में सेमीफाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया। सिरमौर टेबल टेनिस एसोसिएशन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश गुप्ता व सचिव अजय शर्मा शिवानी गुप्ता ने तमाम विजेता खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन करने पर बधाई दी है। एसोसिएशन ने उम्मीद जाहिर की है कि सिरमौर के होनहार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा।