नाहन: प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के घर में पार्टी की सात साल बाद सरदारी बदली है। सर्वसम्मति से कंडईवाला के रहने वाले प्रताप ठाकुर को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। अहम बात यह है कि इससे पहले कोली बिरादरी से दीनदयाल वर्मा सात साल से इस पद पर तैनात थे। साहित्यकार व लेखक दीनदयाल वर्मा ने तीन साल की अवधि दो मर्तबा पूरी की।
तीसरी पारी में एक साल का वक्त पूरा कर चुके थे। जानकारों की मानें तो चुनावों के वजह से संगठन के चुनाव आगे खिसक गए। गौरतलब है कि पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस ने राजपूत बिरादरी के कार्ड पर खेलने की कोशिश की थी। प्रदेश के हरेक मंडल में पार्टी नए मुखिया बना रही है। लिहाजा नजरें इस बात पर भी टिकी हुई थी कि नाहन भाजपा मंडल का अध्यक्ष किसे बनाया जाता है, इसका सस्पेंस वीरवार दोपहर बाद उस समय समाप्त हो गया। जब खेतीबाड़ी करने वाले प्रताप ठाकुर को सर्वसम्मति से बागडोर सौंपने का फैसला लिया गया।
बीजेपी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि इससे पहले प्रताप ठाकुर पार्टी के संगठन में जिला सचिव का दायित्व निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि हरेक वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मंडल अध्यक्ष के पद पर दीनदयाल वर्मा ने सराहनीय कार्य किया है। गुप्ता ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से फैसला किया गया है। सनद रहे कांग्रेस अपने मंडल अध्यक्ष के पद पर राजपूत बिरादरी को ही प्रतिनिधत्व देती रही है, विधानसभा चुनावो में भी पार्टी ने हमेशा ही राजपूत बिरादरी पर दाव खेला है,पहली बार भाजपा ने भी राजपूत को मंडल अध्यक्ष की कमान सौंपी है।