कुल्लू : एथलेटिक्स संघ की एक बैठक का आयोजन बुधवार को संघ के अध्यक्ष डॉ. गौरव भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। जिसमे संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चमन शर्मा व संघ के अन्य सदस्यों ने शिरकत की। संघ के कार्यकारी सचिव युवराज व सोशल मीडिया प्रभारी हेतराम ने बताया कि दूसरी बार कुल्लू जिला के एथलीट्स को इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिल रहा है जो कि हमारे जिले के एथलीट्स के लिए हर्ष का विषय है। पिछले वर्ष भी जिला के 13 खिलाडियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
अंडर-14 वर्ग में 100मी, 600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉटपुट (4 किलो लड़के, 3 किलो में लड़कियां) व अंडर-16 वर्ग में 100, 600, 1000 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉट पुट (5 किलो लडको के लिए व 3 किलो लड़कियों के लिए), डिस्कस थ्रो में 1.5 लड़के व 1 किलो लड़कियों के वर्ग में, जैवलियन थ्रो में 700 ग्राम लड़कों व 500 ग्राम, लड़कियों के लिए ट्रायल्स होंगे। यह प्रतियोगिता 23 से 25 नवम्बर को तिरूपति आन्ध्र प्रदेश में होने जा रही है, जिसमे पुरे देश भर से एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया से क्वालिफाइड जिले भाग लेंगे।
जिला संघ एथलेटिक्स संघ की बैठक में खिलाडियों की सिलेक्शन के लिए एक कमेटी बनाई गई है। जिसमे नरेंद्र, युवराज वर्मा, खिमी राम, निशान्त वर्मा, देवेन्दर कुमार, रवि सिलेक्शन कमेटी में रहेंगे। 26 अक्तूबर को पुलिस मैदान बाशिंग में सुबह 09:30 बजे खिलाडियों का ट्रायल रखा गया है। जो भी खिलाडी अपना ट्रायल देना चाहते है, वह 50 रूपए शुल्क जमा करवा अपना ट्रायल दे सकते है।
अपने साथ आधार कार्ड, बर्थ सर्टिफिकेट या स्कूल से प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य रहेगा, जिसमे उनकी जन्मतिथि दी गई हो। इसी वर्ष आयोजित जिला व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किये हुए खिलाडियों की डायरेक्ट सिलेक्शन की जाएगी। संघ के प्रेस सचिव अभिनव वशिष्ट ने बताया कि अगले माह कुल्लू में प्रदेश स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता करवाने की भी योजना है।