सोलन : क्षेत्र में भाजपा के मंडल अध्यक्ष की सीट को लेकर बेदाग, स्वच्छ व कर्मठ उम्मीदवार की तलाश शुरू हो गई है। उम्मीदवार ऐसा ढूंढा जा रहा है जो ग्रामीण व शहर के कार्यकर्ताओं का विश्वास जीत सके। क़यास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इस बार लम्बी पारी खेलने के लिए किसी युवा चेहरे को कमान देने का मन बना चुकी है।
बुधवार को पार्टी कार्यालय में बैठक का आयोजन कर सोलन भाजपा को नया अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन होगा। सोलन निर्वाचन क्षेत्र हर समय सूर्खियों में रहता है। इस निर्वाचन क्षेत्र के संगठन के प्रमुख पर जिम्मेवारी भी काफी होती है। मुख्यालय होने के नाते यहां पर सरकार व पार्टी के शीर्ष नेताओं का आना जाना लगा रहता है। इसलिए मंडल का अध्यक्ष जिलाध्यक्ष की तरह काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
सूत्र बताते हैं कि भाजपा मंडलाध्यक्ष की रेस में भाजपा युवा मोर्चा में कई अहम पदों पर व वर्तमान में सोलन भाजपा मंडल के सचिव पद पर तैनात अभिषेक ठाकुर का नाम काफी चर्चा में है। अभिषेक ठाकुर पेशे से एडवोकेट हैं और एबीवीपी के छात्रों के ऊपर राजनीतिक दृष्टि से दर्ज सभी केसों को मुफ्त में ही पार्टी हित में लड़ते आ रहे हैं। इस कारण अभिषेक ठाकुर को इस मेहनत का ईनाम मिलने की संभावना है। अभिषेक सोलन नगर परिषद के चेयरमैन एडवोकेट देवेंद्र ठाकुर के पुत्र हैं व युवा मोर्चा में उपाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य समेत कई अहम पदों पर रह चुके हैं, जबकि इस समय ठाकुर सोलन भाजपा मंडल के सचिव पद पर है। भाजपा मंडल की बैठकों में लगातार पार्टी को मजबूत करने से संबधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं। भाजपा मंडल के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व अन्य नेताओं की नजरों में भी अभिषेक ठाकुर ऊर्जावान युवा तुर्क हैं और ग्रामीण व शहरी परिवेश को भलि भांति समझते हैं। निर्वाचन क्षेत्र में गांव व शहर का मुद्दा हर बार उठता रहा है, लेकिन यदि अभिषेक को कमान मिलती है तो यह मुद्दा पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। हालांकि सोलन भाजपा मंडलाध्यक्ष की रेस में इस समय मदन ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर व धर्मेंद्र ठाकुर के नाम भी चर्चा में हैं। उम्मीद है कि पच्छाद उपचुनाव के बाद सोलन निर्वाचन क्षेत्र को नया मंडलाध्यक्ष मिल जाएगा।