शिमला : हिमाचल प्रदेश में 24 अक्टूबर के बाद मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल में इस समय दो पद खाली हैं तथा दोनों पदों को भर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि पच्छाद व धर्मशाला उपचुनाव परिणाम के बाद राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जाएगा। कहा कि राज्य में मंत्रियों के दो पद खाली हैं और चुनाव परिणाम के बाद इन पर नियुक्तियां कर दी जाएंगीं। मुख्यमंत्री ने पच्छाद व धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया और कहा कि दोनों सीटें पर पार्टी बेहतर मार्जन से जीत हासिल करेगी।
पूर्व खाद्य मंत्री किशन कपूर के सांसद निर्वाचित होने तथा पूर्व उर्जा मंत्री अनिल शर्मा के इस्तीफे से मंत्रिमंडल के दो पद खाली हुए हैं। मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई विधायक रेस में हैं। इनमें राकेश पठानिया, रमेश धवाला, इंद्र सिंह, राकेश जंबाल, विनोद कुमार इत्यादि का नाम चर्चा में है। समझा जाता है कि कांगड़ा व मंडी जिलों को मंत्रिमंडल विस्तार में तरजीह मिल सकती है। नाहन के विधायक डॉ राजीव बिंदल को विधानसभा सभा के स्पीकर के पद से हटाकर मंत्री बनाये जाने के कयास है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा विधायकों में सबसे अधिक लीड नूरपूर विधानसभा क्षेत्र से मिली है। नूरपुर से राकेश पठानिया भाजपा के विधायक हैं। लिहाजा वरिष्ठता के आधार पर भी उनका दावा मजबूत है। कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला भी वरिष्ठता के आधार पर कैबिनेट में स्थान पाने के मजबूत दावेदार है। दो बार कैबिनेट मंत्री रह चुके रमेश धवाला चौथी बार विधायक बनकर अपना दावा पहले दिन से ही पेश कर रहे हैं। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के त्यागपत्र से कैबिनेट का एक पद मंडी जिला को खोना पड़ा है। इस कारण मुख्यमंत्री के गृह जिला के सरकाघाट से कर्नल इंद्र सिंह और सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल का मजबूत दावा है।