शिमला : धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। शुरू में मतदान की प्रक्रिया धीमी गति से चल रही थी, लेकिन धीरे-धीरे यह रफ्तार पकड़ने लगा। 9 बजे तक जहां कुल 7.80 फीसदी मतदान की सूचना थी। वहीं 11 बजे तक यह बढ़कर 20.83 फीसदी तक पहुंच गया। 1 बजे तक यह 37.32 फीसदी तक पहुंच चुका है। हल्के में कहीं भी ईवीएम में गड़बड़ी की सूचना नहीं है।
युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी सुबह से लाइन में लग गए। दिन बढ़ने के साथ ही मतदान में तेज़ी आने लगी और अब मतदान अब रफ्तार पकड़ने लगा है। धर्मशाला में भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों ने सुबह मतदान कर अपनी अपनी जीत का दावा किया है। कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण वोट डालने पत्नी संग पोलिंग बूथ पर पहुंचे।
धर्मशाला से 7 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस में है। रोचक पहलू यह है कि दोनों दलों ने नए चेहरों पर दांव खेला है। भाजपा ने यहां से 30 वर्षीय विशाल नैहरिया को प्रत्याशी बनाया है। धर्मशाला में 10 मतदान केन्द्र संवेदनशील जबकि 4 अति-संवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं।
दाड़ी वृद्धाश्रम के 24 वृद्धजनों की सुविधा के लिए आश्रम में सहायक मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 82137 मतदाता हैं। इन हल्के में 2017 के विस चुनाव में 74.55 फीसदी मतदान हुआ था।