जोगिंद्रनगर (ओमप्रकाश चौहान) : दलीप सिंह राणा को सर्वसम्मति से जोगिंद्रनगर मंडलीय भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया है। बुधवार को यह चुनाव चौंतड़ा में संपन्न हुए जिसमें मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा व जोगिंद्रनगर के विधायक गुलाब सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। दलीप सिंह राणा की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी से जोगिंद्रनगर हलके के भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वह निरंतर 17 वर्षों से जोगिंद्रनगर मंडलीय भारतीय जनता पार्टी के संगठन को सींचने में लगे हुए हैं। दलीप सिंह राणा 1973 के स्नातक हैं। जोगिंद्रनगर उपमंडल की द्रुब्बल पंचायत के तहत आते त्रैंबली गांव के निवासी दलीप सिंह राणा ने 1998 में भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश लिया और एक सत्र वह सचिव के पद पर रहे जबकि लगातार तीन बार वह मंडलीय भाजपा के महामंत्री के पद पर रहे। अध्यक्ष चुने जाने से पहले तक वह मंडलीय भाजपा के पद पर आसीन थे। सांसद रामस्वरूप शर्मा व विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने पर दलीप सिंह राणा को बधाई दी तथा पार्टी के लिए उनकी अब तक की सेवाओं की सराहना भी की।
दलीप सिंह राणा ने अपनी ताजपोशी के लिए सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक गुलाब सिंह ठाकुर व समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। भाजपा के आला नेताओं का भी राणा ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उन्होने सचिव व महामंत्री पदों की गरिमा बनाए रखी इसी तरह अध्यक्ष पद पर रहकर भी वह भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने में कोई कमी नहीं रखेंगे जिसके लिए सभी का सहयोग लिया जाएगा। दलीप सिंह राणा को भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार बधाई संदेश दिए जा रहे हैं।