शिमला: राजधानी से जुड़ा एक वीडियो सामने आ रहा है,जो शुक्रवार को सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ। हालांकि पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता लेकिन बताया जा रहा है कि वीडियो संजौली से जुड़े सनान गांव का है। इसमें नजर आ रहा है कि घर के दरवाजे पर बैठे कुत्ते का तेंदुआ घात लगाकर कैसे शिकार करता है। तेंदुआ तब तक कुत्ते पर हमला नहीं करता है जब तक वो हिलता नहीं है। यह बात तो वन्य प्राणी विशेषज्ञ ही बता सकते हैं कि तेंदुआ सो रहे जानवर को अपना शिकार बनाता है या नहीं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेंदुआ कुत्ते को मौत के घाट उतारने के बाद जैसे ही वापस लौटता है,उसी समय चंद सैकंड के भीतर घर का दरवाजा खुलता है। जिससे एक दो लोग बाहर आते हैं। सनद रहे कि घटना को सीसी कैमरे ने कैद किया है। गनीमत है कि उस समय तक तेंदुआ अपना शिकार करने के बाद वापस जा चूका था। अन्यथा लोगो पर भी हमला कर सकता था।
कई मर्तबा तेंदुए के नरभक्षी होने की खबरे सामने आती रही हैं। रामपुर क्षेत्र में करीब 2 साल पहले एक नरभक्षी तेंदुए को मारने के लिए बड़ा जाल बिछाया गया था। जानकारों का कहना है कि अगर तेंदुआ घर के आंगन में खेलने वाले बच्चों या फिर किसी व्यक्ति के ऊपर हमला करता है तो उस सूरत में दहशत पैदा होना तय है।