बिलासपुर : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा पहली बार कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद अपने गृहक्षेत्र पहुंच रहे हैं। दौरे को लेकर पूरा नैना देवी दुल्हन की तरह सजाया गया है। जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती दोपहर यहां पहुंचेंगे। जेपी नड्डा का हिमाचल प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहला दौरा है। जेपी नड्डा सर्वप्रथम हिमाचल दौरे के दौरान अपनी कुलदेवी माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर होंगे और मां का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हमेशा से ही माता श्री नैना देवी पर विश्वास रहा है। वह अपने परिवार सहित समय-समय पर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने यहां पहुंचते हैं और पूजा अर्चना करते हैं। हवन यज्ञ करते हैं। जेपी नड्डा के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन मंदिर न्यास और पुजारी वर्ग के द्वारा विशेष तैयारियां की गई है। जिलाधीश बिलासपुर राजेस्वर गोयल ने भी श्री नैना देवी क्षेत्र का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ मेला अधिकारी सुभाष गौतम भी मौजूद रहे। तैयारियों में जहां मंदिर में साफ-सफाई का कार्य चल रहा है, वहीं पर मंदिर के निकासी और वीआईपी रास्ते पर जगह-जगह पर पेंट किया जा रहा है।
इसके अलावा मंदिर के आने-जाने वाले रास्तों पर चूने और कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया गया है। पुजारी वर्ग के द्वारा भी जेपी नड्डा का स्वागत पार्किंग के पास किए जाएगा। मंदिर न्यासी आशुतोष शर्मा की अगुवाई में पुजारी वर्ग भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। मंदिर न्यासी पुजारी आशुतोष शर्मा का कहना है कि जेपी नड्डा के श्री नैना देवी आगमन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जिलाधीश बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बताया कि जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दौरे को लेकर प्रशासन और मंदिर न्यास ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया हैं। सुरक्षा व्यस्वस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।