कुल्लू : कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति को जोड़ने वाले रोहतांग दर्रा में एक बार फिर हिमपात हुआ है। रविवार रात को दर्रा में ताजा बर्फबारी हुई है। जिसके चलते दर्रा में अब तक करीब छह इंच ताजा बर्फ की परत जम गई है। जिस कारण वाहनों की आवाजाही पर भी प्रभाव पड़ा है। हालांकि सुबह से वाहनों की आवाजाही रूकी हुई है, लेकिन दर्रा में सड़क पर जमी बर्फ को हटाने का कार्य आरंभ कर दिया है ताकि यातायात सुचारू हो सके।
लिहाजा ताजा जानकारी के अनुसार लाहौल को कुल्लू से जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे पर आधा फीट तक बर्फबारी हुई है। उधर, मनाली-लेह मार्ग सहित मनाली जास्कर मार्ग पर भी वाहनों के पहिए जाम हो गए हैं। रोहतांग दर्रे के पास एचआरटीसी की धर्मशाला-त्रिलोकीनाथ बस भी फंस गई है। साथ ही कई ट्रक व अन्ये छोटे वाहन भी फंसे हैं।
बताया जा रहा है सवारियां मढ़ी में सुरक्षित स्थान पर आ गई हैं। रोहतांग दर्रे में अब तक आधा फीट, राहनीनाला व ग्रांफ़ू में 4 इंच, मढ़ी में दो इंच, ब्यासनाला, चुंबक मोड़, राहलाफाल, फातरु और गुलाबा में बर्फ की हल्की परत बिछ गई है। बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रा बंद होने से लेह जाने वाले सैलानी व लोग दारचा में फंस गए हैं। बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला दर्रे में पौना फीट हिमपात हो चुका है। पहाड़ों पर हुई बर्फ़बारी व घाटी में हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया है।