बिलासपुर : जिला की दि तलाई ग्राम सेवा सहकारी सभा समिति में करोड़ों रूपए के घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जांच के बाद एसआईटी की टीम ने समिति के प्रधान सहित 10 पदाधिकारियों व सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उधर, एसआईटी की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा है।
जानकारी अनुसार उक्त घोटाले का पता आरटीआई के माध्यम से वर्ष 2016 में लगा था, जिसके बाद मामले में जांच हुई। बाद में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 16 मार्च 2019 को धारा 420, 406, 467, 468 व 120बी आईपीसी में दर्ज हुए मामले में अब गिरफ्तारियां हुई हैं। बताया जा रहा है कि उक्त मामले में 2-3 गिरफ्तारियां पहले भी हो चुकी हैं। जिसके बाद अब बड़ा पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
एसआईटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब प्रधान देवराज, कोषाध्यक्ष पवन कौशल, सदस्य अश्विनी बन्याल, पृथ्वी चंद धीमान, सुरेश कुमार, सुशील कुमार, श्रवण कुमार, रोशन लाल, महेंद्र सिंह, राकेश कुमार को थाना घुमारवीं में गिरफ्तार कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएसपी घुमारवी राजेंद्र जसवाल ने समिति के 10 पदाधिकारियों व सदस्यों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।