बिलासपुर : दसलेहड़ा में सरहाली खड्ड पर 75 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 2 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी विधानसभा क्षेत्र झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल ने दसलेहड़ा में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण की काफी समय पहले ही लोगों की मांग थी। चुनाव से पहले वायदा भी किया था, जिसे पूर्ण कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले खमेहड़ा कलां से घराण की दूरी लगभग 13 किलोमीटर है। पुल के निर्माण होने से यह दूरी घटकर 2.5 किलोमीटर रह जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुल के शीघ्र निर्माण के लिए इसे वर्ष 2018 में विधायक प्राथमिकता में डाला गया। जिसे सरकार ने वर्ष 2018 में ही अनुमोदित कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि अब डीपीआर तैयार होने पर बजट का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस पुल का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुल के निर्माण हो जाने से इस क्षेत्र की तीन पंचायतों घराण, दसलेहड़ा व सनीहरा के लोगों को मिलेगी बेहतरीन यातायात की सुविधा। इसके अतिरिक्त गांव खमेहड़ा कलां, खमेहड़ा खुर्द, गोचर, वागड़ू, दसलेहड़ा के लोगों को भी पुल का लाभ मिलेगा।
स्कूल के बच्चों तथा स्थानीय लोगों को सरयाली खड्ड से आने जाने की समस्या से भी निजात मिलेगी। इस पुल के अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र में चार पुलों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें री-रड़ोह पुल की 5 करोड़ 9 लाख रुपये की डीपीआर बनाई गई है। बैहना से बाला पुल का एक करोड़ 98 लाख रुपये से निर्माण किया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होने बताया कि 60 लाख रुपए से बाला से देहलवीं पुल का निर्माण किया जा रहा है।
सीआरएफ के अंतर्गत 78 करोड़ रुपए की लागत से नंद-नगराओं से छंजोटी के लिए 330 मीटर लंबा पुल तथा पनौल जेजवीं मेजर डिस्ट्रीक रोड़ का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष सुभाष मन्हास, मंडल महामंत्री दिनेश चंदेल, एसटी मोर्चा अध्यक्ष कांशी राम, ग्राम पंचायत प्रधान अशोक कुमार, पूर्व ग्राम पंचायत प्रधान जगदीश चन्द, वार्ड मेम्बर चंचलो देवी के अतिरिक्त स्थानीय लोग उपस्थित रहे।