शिमला : राजधानी के उपनगर शोघी के समीप सेब से लदे एक ट्रक के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई और परिचालक सहित दो महिलाएं जख्मी हुई हैं। यह हादसा सुबह मैहली-शोघी बाईपास पर आनंदपुर में हुआ। ट्रक असंतुलित होकर सड़क के नीचे एक ढारे पर गिरा और यहां रह रही नेपाली मूल की दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। पुलिस ने नेशनल हाईवे अथाॅरिटी और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य चलाया। ट्रक के नीचे दबी दोनों महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे में मृतक की पहचान लुधियाना निवासी हरनाम (42) के रूप में हुई है। जबकि परिचालक बिहार निवासी सुधीर कुमार (25) घायल है। ढारे में रह रही महिलाएं धनकला (50) और विमला (18) भी गंभीर रूप से घायल हैं। ये दोनों महिलाएं नेपाली मूल की हैं। तीनों घायलों को आईजीएमसी ले जाया गया है। हादसे का शिकार हुआ ट्रक (पीबी-23टी-9863) अप्पर शिमला से पंजाब की तरफ जा रहा था। इसमें भारी मात्रा में सेब की पेटियां थीं। हादसे के बाद लाखों का सेब घटनास्थल पर बिखर गया है।
एसपी ओमा पति जंबाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में चालक की मौत हुई है और दो महिलाओं समेत तीन जख्मी हैं। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।