कुल्लू : जनपद सहित हिमाचल प्रदेश में जहां बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। बाढ़ कहर बरपा रही है तो वही जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मुख्यालय केलांग सहित समूची लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे समूची घाटी के तापमान में गिरावट आ गई है।
जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा पर भी हल्का हिमपात हुआ है। हालांकि मनाली से रोहतांग और रोहतांग से कोकसर तक जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। ताजा जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा में भी बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए हैं। मुख्यालय केलांग के साथ लगते पहाड़ बर्फ गिरने से सफेद दिखाई देने लगे हैं, जिससे जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का सौंदर्य भी निखरने लगा है।