बद्दी (एमबीएम न्यूज) : औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के एक फार्मा उद्योग में उद्योग प्रबन्धकों द्वारा एक कैमिस्ट की पिटाई को लेकर उद्योग के सभी कामगार उद्योग से बाहर आ गये व उद्योग प्रबन्धकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यही नहीं गुस्साए कामगारों ने हिंद मजदूर सभा के नेत्त्व में उद्योग से लेकर श्रम विभाग तक रोष रैली निकाली व श्रम अधिकारी को अपनी शिकायत सौंपी।
जानकारी देते हुए हिंद मजदूर सभा के जिला महासचिव राजू भारद्वाज ने बताया कि उक्त उद्योग में कामगारों का सरेआम शोषण हो रहा है। उद्योग प्रबन्धक कामगारों को सहूलियत के नाम पर कुछ नहीं दे रहे हैं। उक्त उद्योग में काम करते हुए कामगारों को कई-कई साल हो गये परन्तु उन्हें मिनिमम वेज ही मिलता है। उद्योग में ठेकेदारी प्रथा जोरों से चल रही है व कामगारों को पी.एफ. व ई.एस.आई. की सुविधा नहीं दी जा रही है। उद्योग प्रबन्धक जब चाहे कामगारों को उद्योग से बाहर का रास्ता दिखा देते हैं। आज तो हद ही हो गई जब उद्योग के एक कैमिस्ट पर ही हाथ उठा दिया। उपरोक्त मजदूर नेताओं का कहना है कि सबसे पहले उद्योग में हिंद मजदूर सभा का झंडा लगाया जाएगा व यूनियन का गठन कर कामगारों की समस्याओं के हल के लिए संगर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कामगारों का संगर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक कामगारों को उनके सभी हक नहीं मिल जाते।