ऊना: श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश दिवस को समर्पित श्री गुरु नानक देव जी के जन्म अस्थान श्री ननकाना साहिब से 1 अगस्त से चला नगर कीर्तन 48 घंटे देरी से देव भूमि हिमाचल पहुंचा। 6 अगस्त को ऊना में पहुंचने वाले नगर कीर्तन में देरी से पहुंचने पर भी संगत के उत्साह में कोई कमी नहीं और गुरु के दीदार के लिए संगत विभिन्न स्थानों पर आँखे बिछाई इंतज़ार करती रही। तकरीबन 2 बज्जे नगर कीर्तन ने हिमाचल पंजाब जेजों पोलियां से जिला ऊना में प्रवेश किया।
जहां एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह भिंडर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सती,नेता प्रतिपक्ष व विधायक मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश सामान्य उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार, मंडल भाजपा प्रधान अर्जुन सिंह, हिमाचल सिख फेडरेशन के अध्यक्ष गुरमेज सिंह पुबोवाल व हजारों की संख्या में उपस्थित संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह भिंडर द्वारा पांच प्यारों को इस अवसर पर सिरोपा भेंट किए गए व नगर कीर्तन का स्वागत किया।
ऊना में पुष्प वर्षा से हुआ नगर कीर्तन का स्वागत
गुरु नानक देव जी के वंशजो की बसाई ऊना नगरी में पहुंचने पर गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी, बाबा अमरजोत सिंह जी बेदी, व इलाका निवासी समूह संगत द्वारा नगर कीर्तन का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी में नगर कीर्तन पहुंचने पर गुरु वंशजों की तरफ से परम्परागत स्वागत किया गया।
श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी को रूमाला भेंट किया गया व पांच प्यारों, निशानची को सिरोपा भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर बाबा बाल जी, बाबा प्रितपाल सिंह, बाबा सुरिंदर सिंह, गुरु नानक मिशन संस्था के महांसचिव हरपाल सिंह कोटला, बलविंदर सिंह, जोग्मान सिंह,परमजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, अंग्रेज सिंह, इकबाल सिंह, सतनाम सिंह सहत हजारों की संख्या में संगत मौजूद थी।