नाहन: श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद सारे विकास कार्य ठप होकर रह गए हैं। सड़कें जर्जर दशा में हैं, हर रोज कोई न कोई सड़क बंद रहती है। स्वास्थ्य संस्थान खाली हो गए हैं। मंगलवार को पत्रकारवार्ता के दौरान रेणुका जी के कांग्रेसी विधायक व पूर्व सीपीएस विनय कुमार ने भाजपा सरकार पर यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के स्कूलों व कॉलेजों में स्टाफ का अभाव है। ददाहू कॉलेज का उदघाटन कांग्रेस के समय में हो चुका था। बाद में एक ऐसे भाजपाई नेता ने दोबारा उसका उदघाटन किया, जो न सिलेक्टड है, न इलैक्टिड है। बिजली व पीडब्ल्यूडी विभाग में टैंडरों में हेराफेरी हो रही है।
मानसून सत्र में उनका पहला प्रश्न इसी मुद्दे को लेकर है। अगर उनके प्रश्न का संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो वह विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करेंगे। निशुल्क गैस कनेक्शन आबंटन में भेदभाव बरता जा रहा है। कांग्रेसियों के नाम सूची से काटे जा रहे हैं। रेणुका डैम का एमओयू हुए एक साल से भी ज्यादा हो गया है। मगर प्रदेश भाजपा सरकार की सुस्ती के कारण अभी तक उसका कार्य आरंभ नहीं हो पाया है। लोगों को गुमराह करने के लिए थोड़े अंतराल के लिए हरिपुरधार से हरिद्वार बस चलाई गई। मगर अब वो बस सेवा बंद पड़ी है। ज्यूडिशियल कोर्ट के लिए संगड़ाह में भवन नहीं बन पाया है।
विनय कुमार ने कहा कि रजाना सिंचाई योजना उनके समय में स्वीकृत हुई थी। इस पर कुल 6 करोड़ 6 लाख रुपए खर्च होने थे। यह स्कीम अपने आप में पहली थी, जिसमें जीआई पाइप लगे थे। इसका टैंडर उनके समय में हुआ था। पूरे क्षेत्र में बिजली की समस्या विकराल होती जा रही है। कई गांव ऐसे हैं, जहां पर तीन से चार दिन तक लाइट नहीं आती है। आईटीआई माईना के लिए 50 लाख रुपए का बजट में प्रावधान रखा गया था। मगर उसका कार्य कछुआ गति से चल रहा है।
श्री रेणुका जी मेले के दौरान गिरिनदी पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक पुल का शिलान्यास किया था। अब रेणुका मेला दोबारा आने को है, मगर पुल की एक ईंट भी अभी तक नहीं लगी है। भाजपा में जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि निजी रूप से सीएम जयराम ठाकुर का सम्मान करते हैं। मगर कांग्रेस की विचारधारा वो कभी नहीं त्याग सकते। इसलिए भाजपा में जाने का प्रश्न ही नहीं उठता।
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष दलीप सिंह, मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान व युवा कांग्रेस महासचिव ओपी ठाकुर भी मौजूद थे।