एमबीएम न्यूज़/कुल्लू
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भुंतर व कुल्लू शहर में कूडे-कचरे की विकराल समस्या के स्थाई समाधान के लिए कार्यकर्ताओं के साथ शहर में रोष रैली निकाली। सैंकड़ो कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ ढालपुर चौंक से उपायुक्त कार्यलय तक प्रशासन व सरकार के खिलाफ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपायुक्त कार्यलय के बाहर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जिला प्रशासन व सरकार के खिलाफ आरोप लगाया कि 2017 में एनजीटी ने पिरडी डंपिंग साइट को बंद करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन को डंपिंग साइट चिंहित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों ने जनता की समस्या के समाधान के लिए कोई उचित कदम नहीं उठाए। शहर में कूड़े-कचरे से जनता को बदबू का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस दौरान प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्या का समाधान नहीं होगा तो कांग्रेस सड़कों पर उग्र आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि डेढ माह से शहर में कूड़े-कचरे का उचित प्रबंध नहीं हो रहा है। 30 जून के बाद बैठक में नगर परिषद कूड़े-कचरे की समस्या के समाधान के लिए प्रबंध करने में असमर्थ थी। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन शुरू हो गया है। शहर व गांव में कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं। जिससे सारा कचरा व्यास नदी में जाएगा, जिससे पर्यावरण को बड़े स्तर पर नुक्सान होगा। एनजीटी ने वर्ष 2017 में पिरडी डंपिंग साइट बंद करने के निर्देश दिए थे।
हैरानी की बात है कि प्रशासन ने 2 वर्षों के बाद भी डंपिंग साइट नहीं ढूंढी। पिछले कई माह से शहर में गंदगी के ढेर से महामारी फैल रही है। आज मजबूर होकर सड़कों पर धरना प्रदर्शन कर रहे है। उन्होंने कहा कि 3 दिन के भीतर कूड़े-कचरे का समाधान नहीं होगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिला प्रशासन के डीसी व तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि शहर से कूड़ा उठाया जा रहा है। टिप्पर में भर कर मनाली ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने कूड़े की समस्या के स्थाई समाधान के लिए कार्य नहीं किया।