नितेश सैनी/सुंदरनगर
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। आलम यह है कि रोजाना किसी न किसी सड़क हादसे में लोग अपनी जान खो रहे है। इसी क्रम में नेशनल हाईवे- 21 चंडीगढ़-मनाली पर शुकदेव वाटिका के समीप एक मारुती ईको कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। इस हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे मारूती ईको कार (एचपी-33ई-0661) अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक (एचपी-24-4653) के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखचे उड़ गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंंचाया, जहांं पर घायल उपचाराधीन है। घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल थाना पुलिस के जवान मौके पर पहुंंचे और छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस के द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गाड़ी में सवार सभी लोग पंजाब से किसी समारोह में हिस्सा लेकर बल्ह के भ्यारटा अपने गांव वापिस आ रहे थे। गाड़ी सुखदेव वाटिका के समीप अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। मृतक परिचालक सिट पर बैठा हुआ था, जिसने मौके पर दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र परमा चंद गांव भ्यारटा चुनाहन बल्ह मंडी के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने घटना से सम्बंधित मामला दर्ज कर जांंच शुरू कर दी है। सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे है।
डीएसपी तरनजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। अन्य 5 लोगों का उपचार सिविल अस्पताल सुंदरनगर में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांंच शुरू कर दी है।