एमबीएम न्यूज/शिमला
इस बात का इंतजार हो रहा था कि बतौर राज्य मंत्री सांसद अनुराग ठाकुर को क्या जिम्मेदारी मिलेगी। इसको लेकर शुक्रवार दोपहर स्थिति स्पष्ट हो गई है। देश की पहली महिला रक्षा मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा चुकी निर्मला सीतारमण को वित्त व कॉर्पोरेट मामले का मंत्री बनाया गया है। इसी विभाग में बतौर राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को अटैच किया गया है।
हालांकि उम्मीद थी कि अनुराग को खेल महकमा दिया जा सकता है, क्योंकि स्पोर्टस के क्षेत्र में अनुराग ठाकुर ने कई उपलब्धियां कायम की हैं। इस बार रक्षा मंत्रालय राजनाथ सिंह को दिया गया है, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को गृह मंत्रालय मिला है। स्मृति ईरानी को महिला व बाल विकास के अलावा टैक्सटाइल मंत्रालय सौंपा गया है। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के पूर्व सीएम व सांसद रमेश पोखरियाल को मानव संसाधन विकास मंत्रालय दिया गया है।
कुल मिलाकर केंद्रीय राज्य मंत्री के तौर पर हिमाचली बेटे अनुराग ठाकुर को अहम जिम्मेदारी मिली है। दीगर बात यह भी है कि बिलासपुर की चुनावी रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बेहद ही जोशिले अंदाज में कहा था कि आप अनुराग को सांसद बना दो, बड़ा नेता बनाने की जिम्मेदारी मैं लेता हूं।