अमरप्रीत सिंह/सोलन
सर्व सांझी गुरमत प्रचार कमेटी सोलन की तरफ से गुरु नानक देव के 550 प्रकाश पर्व को समर्पित दूसरा कीर्तन दरबार 1 व 2 जून 2019 को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसमें देश-विदेश में ख्याति प्राप्त रागी जत्थे संगतों को निहाल करेंगे। कीर्तन दरबार स्व. माता जसवंत कौर सबरवाल की याद में आयोजित किया जा रहा है। सर्व सांझी गुरमत प्रचार कमेटी के चेयरमैन तरविंदर सिंह सबरवाल ने बताया कि कीर्तन दरबार रविवार 2 जून को कूपर कॉम्प्लेक्स के नजदीक पैरागोन होटल सपरून सोलन में आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम को सोलन, सपरून, कसौली, गड़खल, धर्मपुर, परवाणू, सुबाथू, कंडाघाट, चायल, सलोगड़ा, ब्रुरी, डगशई के गुरुद्वारों के सहयोग से करवाया जा रहा है। इसमें पांच से सात हजार संगत जुड़कर कीर्तन करेगी।कीर्तन दरबार सुबह 9 बजे से रात 9 तक चलेगा। इसमें ख्याति प्राप्त रागी चमनजीत सिंह दिल्ली वाले, मनप्रीत सिंह कानपुरी, रविंदर सिंह हजूरी रागी, मनिदर सिंह श्रीनगर वाले, दविंदर हजूरी रागी, हरनाम सिंह और हजूरी रागी गगनदीप सिंह कीर्तन से संगतों को निहाल करेंगे। सबरवाल ने बताया कि इससे पहले शनिवार 1 जून को सोलन में नगर कीर्तन होगा।
इसकी शुरुआत दोपहर 3 बजे मोहन पार्क सोलन से होगी। नगर कीर्तन माल रोड होते हुए गुरुद्वारा साहिब सपरून तक निकाला जाएगा। कीर्तन दरबार में अकाल तख्त साहिब अमृतसर सिंह साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह, जथेदार केशगढ़ साहिब ज्ञानी रघुवीर सिंह एवं सिख गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी हिमाचल के सदस्य दलजीत सिंह भिंडर विशेष रूप से शिरकत करेंगे। सर्व सांझी गुरमत प्रचार कमेटी का मुख्य उद्देश्य गुरुओं की बताई शिक्षा अनुसार सबको साथ लेकर इंसानियत की सच्ची सेवा करना है। उन्होंने बताया कि प्रचार कमेटी जरूरतमंद लोगो की मदद करने में तत्पर है। कमेटी कीर्तन दरबार के उपलक्ष्य में दोनों दिन लंगर का आयोजन होगा।
इस मौके पर सर्व सांझी गुरमत प्रचार कमेटी के प्रधान विक्रम जीत सिंह, कोषाध्यक्ष तजिंदर सिंह, गुरमीत सिंह अमरप्रीत सिंह, फोजा सिंह, विना अरोड़ा, हरप्रीत कौर, कमलजीत कौर, प्रवीण कौर उपस्थित रहे।