एमबीएम न्यूज़/शिमला
कांगड़ा के ज्वाली में शनिवार को एक अजीब मामला सामने आया है। करीब 11:45 बजे फेसबुक पर लाइव आकर पूर्व संसदीय सचिव नीरज भारती उन लोगों को सामने आने की धमकी देने लगे, जिन्होंने उनके समर्थक पर हमला किया था। ज्वाली के बाजार में पूर्व संसदीय सचिव के इस रवैया से पुलिस भी सकते में आ गई। तुरंत ही पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव आरोप लगा रहे थे कि उनके कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव के चैलेंज को स्वीकार करते हुए दूसरा गुट भी करीब 10 मिनट बाद मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों ही गुटों में तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने भारी कोशिश के बाद दोनों गुटों को खदेड़ा,पुलिस के शीर्ष अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे,लेकिन भारती ने मौके से हटने की बात नहीं मानी। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव फेसबुक पर विवादित पोस्ट को लेकर हमेशा ही चर्चा में रहते हैं। इस विवाद से जुड़े वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं।
https://youtu.be/NfET7690dBk
उधर यह भी बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति को पूर्व मुख्य संसदीय सचिव द्वारा चैलेंज दिया जा रहा था। उसने खुद को भाजपा का कार्यकर्ता होने से इनकार किया है। जबकि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव लगातार यही कहते रहे कि चुनाव के नतीजों के बाद उनके एक समर्थक के घर पहुंचकर भाजपा के लोगों ने हमला किया है। उधर पुलिस का कहना है कि इस मामले को लेकर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।