एमबीएम न्यूज/नाहन
शिमला संसदीय सीट के सिरमौर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति लगभग साफ हो गई है। भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप को अपने जिला से रिकॉर्ड मत मिले हैं। उन्हें अपने गृह जिला की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 93 हजार 876 वोटों की लीड मिली है। गृह जिला के पांवटा साहिब से सबसे अधिक लीड उन्हें मिली। पांवटा साहिब से 27 हजार 432 की रिकॉर्ड लीड मिली है।
दूसरे स्थान पर डॉ. राजीव बिंदल का हलका नाहन रहा है। यहां से 24 हजार 561 मतों की बढ़त प्राप्त हुई है। अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र पच्छाद से कश्यप को 16 हजार 021 की लीड मिली है। श्री रेणुका जी से भी सुरेश कश्यप ने 14 हजार 312 मतों की बढ़त प्राप्त की है। अंतिम स्थान पर शिलाई रहा। हैरानी की बात है कि यहां भी सुरेश कश्यप को 11 हजार 550 मत अधिक मिले।
इस प्रकार सिरमौर जिला ने भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप को 93 हजार 876 मतों की लीड देकर वोटों से उनकी झोली भर दी। भाजपा नेताओं को भी इतनी बड़ी बढ़त की उम्मीद नहीं थी।