वी कुमार/मंडी
उपमंडल सरकाघाट के सूरजपुरबाड़ी गांव में एक शिक्षिका की संदेहास्पद मौत से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सपना देवी पत्नी पवन कुमार अपने ही गांव की प्राथमिक पाठशाला सैन में बतौर शिक्षिका तैनात थी। रोज़मर्रा की तरह गत दिन भी पहले उसने दो बेटियों और बेटे को स्कूल के लिए तैयार कर खाना खिलाया। दोपहर तीन बजे तक स्कूल में बच्चों को पढ़ाया। इसके बाद छुट्टी होने पर घर लौट आई।
जानकारी के मुताबिक घर से दो किलोमीटर दूर सरकाघाट बाज़ार में उसने बड़ी बेटी की सगाई को लेकर खरीददार की। सगाई 8 जून को तय हुई थी। पड़ताल के मुताबिक घर आकर घरेलू कामकाज में लग गई। उसके बाद स्कूल से लौटे बच्चे और बड़ी लड़की जिसकी सगाई का सामान खरीदने वह बाज़ार गई थी वो अपने कमरे में टीवी देखने लगे।
शाम पौने आठ बजे एक बेटी ने माँ को बेसुध हालत में देखा। आवाजें लगाने के बाद भी जब वह नही उठी तो उसने शोर मचाया। सपना देवी की हालत देखकर उसके ससुराल वालों ने अपने पड़ोसियों की मदद लेकर उसे सडक़ तक पंहुचाया। इसके बाद 108 को फोन कर बुलाया। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल में आकर शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक सपना का पति कांगड़ा ज़िला के पालमपुर में फायर ब्रिगेड में ड्यूटी पर गया था। शिक्षिका के आकस्मिक निधन पर स्कूल में शोक सभा का आयोजन कर अवकाश घोषित कर दिया। सपना देवी के निधन पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार ने शोक जताया है। डीएसपी चन्द्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि की है।