एमबीएम न्यूज़/नाहन
लोकसभा चुनाव में बंपर वोटिंग से सिरमौर जिले में मतदाताओं ने मत प्रतिशतता के तमाम रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। वर्ष 2009 में 61.35 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं 2014 में ओवरऑल वोटिंग प्रतिशतता 70.28 प्रतिशत रही। मगर इस दफा 2019 में वोटरों ने बढ़- चढ़ कर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। 2019 के चुनाव में मत प्रतिशतता बढ़ कर 74.64 प्रतिशत हो गई है। 75.66 प्रतिशत पुरुषों ने मत डाले। वहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रही। महिलाओं की मत प्रतिशतता 73.54 प्रतिशत रही। रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में जिला का नाहन विधानसभा क्षेत्र मतदान प्रतिशतता में सिरमौर बना है। नाहन ने 79.17 फीसदी मतदान कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल इसी क्षेत्र से ताल्लुक रखते है। दूसरे स्थान पर पावंटा साहिब ने बाजी मारी है। पावंटा साहिब मे 77.07 फीसदी मतदान हुआ है। तीसरे स्थान पर भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी सुरेश कश्यप का गृह विधानसभा क्षेत्र पच्छाद रहा है। इस हलके में 76.10 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड हुआ है। चौथे स्थान पर रेणुका विधानसभा क्षेत्र ने अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाई है। यहां 70.09 फीसदी मतदान हुआ है। अंतिम स्थान पर राजनीतिक रूप से जागरूक शिलाई विधानसभा क्षेत्र रहा है। शिलाई में 69.69 फीसदी मतदान हुआ है। इस प्रकार शिलाई मतदान प्रतिशतता में अंतिम पायदान पर रहा।
जिले भर में ओवरऑल अब तक का लोकसभा चुनाव में सबसे अधिक 74.72 प्रतिशत मतदान हुआ। 2014 में नाहन विधानसभा क्षेत्र में 71.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें 8 प्रतिशत के आसपास वृद्धि दर्ज हुई है। जबकि पच्छाद में 2014 के लोकसभा चुनाव में 71.99 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। इसके अलावा श्री रेणुका जी, पावंटा साहिब व शिलाई में क्रमशः 65.32 प्रतिशत, 75.63 प्रतिशत व 65.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। ओवरऑल वोटिंग प्रतिशतता 70.28 प्रतिशत रही। इस बार 1 लाख 94 हजार 919 पुरुषों की तुलना में 1 लाख 78 हजार 816 महिलाओं ने वोट दिया। गत चुनाव की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। उल्लेखनीय है कि 2009 के लोकसभा चुनाव में सिरमौर में 61.35 प्रतिशत मतदान हुआ था।