एमबीएम न्यूज़/ नाहन
जिला सिरमौर की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा तगड़ी लीड लेगी। पूरा देश इस समय मोदी लहर से प्रभावित है। यह दावा भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने वीरवार को यहां आयोजित पत्रकारवार्ता में किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा चारों सीटों पर पहले से ज्यादा मार्जिन से विजयी होगी। केंद्र में अकेली भाजपा 300 सीटों का आंकड़ा छुएगी। गुप्ता ने कहा की यह सब मोदी के करिश्मे से संभव हो पाएगा। अंतिम चरण के मतदान से पहले ही देश भर से भाजपा के पक्ष में तगड़ी लहर है।
साथ ही कहा की प्रदेश में जयराम सरकार के अल्प कार्यकाल में हर श्रेणी को लाभ मिला है। सिल्वर कार्ड योजना व गृहणी सुविधा योजना से प्रदेश में लाखों लोगों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस बुरी तरह से बिखरी हुई है। कांग्रेस के नेता वीरभद्र सिंह अपने ही लोगों के खिलाफ बयानबाजी में मशगूल हैं। केंद्र में मोदी सरकार ने रक्षा, विज्ञान, शिक्षा, कृषि व स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया। जिसका परिणाम मिलना शुरू हो गया है। सरकार के खिलाफ पहली बार कोई एंटी इंकम्बैंसी नहीं है।
मोदी के कार्यकाल में 8 करोड़ शौचालय बनाए गए। 7 करोड़ उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन दिए गए। 18 हज़ार गांव में बिजली पहुंचायी गई। आज भारत विश्व की छटी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन गई है। सुरक्षा के क्षेत्र में पाकिस्तान को भारत ने मुँह तोड़ जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी नेताओं की सुरक्षा हटाकर आंतकवादियों की कमर तोड़ दी है।
यह मोदी के निर्णय लेने की शक्ति के कारण संभव हुआ है। डोकलाम में चीनी सैनिकों को भारतीय सेना के जवानो ने छटी का दूध पीला दिया है। देश में आंतरिक सुरक्षा भी मजबूत हुई है। देश में चारों तरफ भय मुक्त वातावरण है। कुल मिलाकर विपक्ष इस समय मुद्दा विहीन है। इस मौके पर भाजपा नेता आरआर शर्मा, रमेश शर्मा, ओपी सैनी, दीनदयाल वर्मा, देवेंदर अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, प्रदीप विज व संजीव आदि मौजूद थे।