एमबीएम न्यूज़/शिमला
कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सिंघी राम आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। रामपुर में अपने सैंकड़ो समर्थकों संग सिंघी राम ने भाजपा का दामन थामा। चुनाव प्रचार के लिए रामपुर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा में सम्मिलित होने पर सिंघी राम का स्वागत किया। चुनावी बेला में सिंघी राम के इस कदम से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस का गढ़ रहा रामपुर विस् हल्का मंडी संसदीय क्षेत्र में आता हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इसी संसदीय क्षेत्र से तालुक रखते हैं। यहां से भाजपा उम्मीदवार को जीत दिलाना उनके लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। मंडी लोकसभा सीट से भाजपा के रामस्वरूप का मुकाबला कांग्रेस दिग्गज सुखराम के पोते आश्रय शर्मा से है। गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से सिंघी राम कांग्रेस में हाशिये पर चल रहे थे। वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक व मंत्री भी रह चुके हैं।