एमबीएम न्यूज़/नाहन
शहर के शैक्षणिक संस्थानों पर बीजेपी के होर्डिंग लगे हुए हैं। सवाल यह उठता है कि क्या यह चुनाव आचार संहिता की परिधि में नहीं आता है। शहर के एक जागरूक नागरिक ने कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की दीवार पर बीजेपी के होर्डिंग की तस्वीर भेजते हुए बताया कि डाइट संस्थान की दीवार पर भी इस तरह के होर्डिंग टंगे हुए हैं। इसमें कोई दोराय नहीं है कि सत्तारूढ़ राजनीतिक दल भाजपा चुनाव प्रचार में कांग्रेस से कहीं आगे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि शैक्षणिक संस्थानों की दीवारों पर लगे बैनर, होर्डिंग कांग्रेस को भी नजर नहीं आए हैं। जानकार बताते हैं कि राजनीतिक दलों द्वारा होर्डिंग व बैनर लगाने का कार्य ठेके पर दे दिया जाता है। इसमें ठेका लेने वाले कंपनी को इस बात का कोई सरोकार नहीं रहता है कि चुनाव आचार संहिता का भी उल्लंघन किया जा रहा है। प्रश्न इस बात पर भी उठता है कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा के नेताओं ने ठेकेदार को इस बात की हिदायत दी है या अनजाने में ठेकेदार ने ये होर्डिंग्स शैक्षणिक संस्थाओं की दीवारों पर टांगे है। क्या भाजपा नेताओं की नजर इस पर नहीं गई।
वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम नाहन को भी ये चुनाव आयोग की हिदायतों की धज्जियाँ उड़ाते होर्डिंग नहीं दिखे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पावंटा साहिब विश्राम गृह में भी बीजेपी विधायकों के वाहन पार्क किए गए थे। आरोप लगाया गया था कि भाजपा के नेता सरकारी रेस्ट हाउस में बैठकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।