एमबीएम न्यूज़/ शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए शिमला के सदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने अपनी शिकायत में कहा है कि हाल ही में सोलन के रामशहर में सतपाल सिंह सत्ती ने भाजपा के एक सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तथा उनकी माता व यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। यह टिप्पणी महिला के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सतपाल सिंह सत्ती द्वारा की गई टिप्पणी चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के भी खिलाफ है। किमटा ने कहा कि अपने भाषण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अलोकतांत्रिक शब्दों का प्रयोग किया है। ऐसे में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को राज्य भर में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। किमटा ने कहा कि सतपाल सत्ती की राहुल गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी आहत करने वाली है। सत्ती व भाजपा के खिलाफ सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जाएगा। सतपाल सत्ती की भाषा से साफ है कि उनकी सोच निम्न स्तर की है। अभद्र टिप्पणी के लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
इस बीच प्रदेश युवा कांग्रेस ने सतपाल सत्ती को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर तुरन्त सार्वजनिक तौर पर माफी नही मांगी तो युवा कांग्रेस उनका घेराव करेगी।
युवा कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता विजय चौहान ने एक बयान में कहा कि युवा कांग्रेस किसी भी स्तर पर राहुल गांधी का अपमान सहन नही कर सकते। सतपाल सती की मानसिकता उन के दिये गये बयान से साफ झलकती है। युवा कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग की है कि वे सती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
Latest
- जीवन की कहानी : मेरिट में दो अंको से चूकी मिस्त्री की बेटी, असाधारण था सफर
- कांगड़ा से आनंद शर्मा व हमीरपुर से सतपाल रायजादा होंगे कांग्रेस के योद्धा
- कांगड़ा : बलवंत सिंह व अजय कुमार सूचना एवं जन संपर्क विभाग से सेवानिवृत्त
- तकनीकी विवि ने फिर खोला HPCET पोर्टल, 1 मई तक सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
- सिरमौर : रोजाना तय करती थी 20 KM का पैदल सफर, BPL परिवार की बेटी ने पाया आठवां रैंक