वी कुमार/मंडी
पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पंडित सुखराम के गढ़ में सीएम जयराम ठाकुर जमकर गरजे। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सुखराम का दौर अब समाप्त हो चुका है। अब जयराम का दौर चला हुआ है। शुक्रवार को सीएम जयराम ठाकुर सदर विधानसभा क्षेत्र के तुंगल इलाका के साईगलू में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस पूरे क्षेत्र को सुखराम का गढ़ माना जाता है। ऐसे में सीएम के निशाने पर सुखराम, अनिल शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा ही रहे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुखराम के लिए परिवार जरूरी है जबकि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक वरिष्ठ नेता के नाते वह सुखराम का सम्मान करते हैं, आगे भी करते रहेंगे। मगर जिस तरह से उन्होंने अपने पोते को टिकट दिलाने के लिए राजनैतिक दलों को बदला है वह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब सुखराम का राजनैतिक कद काफी उंचा था, लेकिन वो दौर अब चला गया है। साथ ही सीएम ने भी स्पष्ट किया कि दौर कभी भी किसी व्यक्ति विशेष का नहीं रहता। जयराम ठाकुर ने अपने कैबिनेट सहयोगी अनिल शर्मा पर भी जमकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि उनके कैबिनेट सहयोगी अपने ही मुख्यमंत्री को नेता नहीं मान रहे।
सीएम ने कहा कि उन्हें अनिल शर्मा से किसी प्रकार के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। अनिल शर्मा नेताओं का मान-सम्मान भूलते जा रहे हैं। बेहतर होगा कि पार्टी का प्रतिनिधि होने के नाते वह पार्टी प्रत्याशी के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा आज उन्हें कैबिनेट रैंक को झुनझुना बता रहे हैं, जबकि वही अपने पिता के साथ ऊर्जा विभाग की मांग करने उनके पास आए थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि अनिल शर्मा ने इसके साथ और भी बहुत कुछ मांगा था जिसे वह दे नहीं पाए। उन्होंने इशारों की इशारों में चेताया कि उनके सीने में भी बहुत से राज दफन हैं। जिसे वह उजागर नहीं करना चाहते।
सीएम ने कहा कि अनिल शर्मा अपने परिवार की वजह से फ्रस्टेट नजर आ रहे हैं क्योंकि परिवार में कोई उनकी सुन नहीं रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आजकल उनका एक कैबिनेट मंत्री लापता हो गया है। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा और उनके ससुर राजीव गंभीर पर भी निशाना साधा। बता दें कि राजीव गंभीर को कांग्रेस ने मंडी संसदीय क्षेत्र का चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त करके यहां भेजा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राजीव गंभीर दिल्ली से आकर यहां अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। वह उन्हें घमंडी बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि सादगी ही उनकी जिंदगी भर की पूंजी है, जिसके दम पर वह जनता के बीच लोकप्रिय हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि धनबल के दम पर यदि चुनाव मैदान में उतरने की सोच रहे हैं तो इससे वह अपने दामाद आश्रय शर्मा का भला नहीं कर रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता से भाजपा के पक्ष में भारी मतदान की अपील भी की। चुनावी जनसभा में कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सांसद राम स्वरूप शर्मा और जिला के अन्य भाजपा विधायक व पदाधिकारी व नेता भी मौजूद रहे।