अमरप्रीत सिंह/सोलन
प्रदेश के विभिन्न बंदीगृहों में सजा काट रहे बंदियों का मनोबल बढ़ाने व स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य को लेकर कारागार निदेशालय एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग द्वारा जेल परिसर में ही बंदियों द्वारा विभिन्न तरह के उत्पाद तैयार करवाए जा रहे है। इन उत्पादों को बेचने के लिए आज सोलन में विभाग ने तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने किया। इस प्रदर्शनी का आयोजन सोलन नगर परिषद हॉल में किया गया।
प्रदर्शनी में बंदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। जिसमे बेकरी, फर्नीचर और होजरी उत्पाद शामिल थे। इस प्रदर्शनी मे सोलन, कंडा व नाहन जेल के कैदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों को लगाया गया है। मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने कहा कि इस प्रदर्शनी को लगाने का मुख्य उद्देश्य कारागरों में काम कर रहे बंदियों का मनोबल बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद सस्ते दामों में मिल रहे है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस प्रदर्शनी में आए और उत्पादों का लाभ उठायें। वहीं जेल सुपरिटेंडेंट व ऐसी टू डीसी भानु गुप्ता ने इस बारे में कहा कि प्रदेश के सभी जेलों मे कैदियों द्वारा जो भी उत्पाद तैयार किए जाते है, इन उत्पादों की प्रदर्शनी राज्य स्तरीय मेलों में भी लगाई जाती है।