वी कुमार/मंडी
साफ मौसम में जब लैंड स्लाइड होने लग जाए तो यह बात सभी को चौंका देती है। लैंड स्लाइड की यह घटना जब मोबाइल में कैद हुई तो हर कोई इसे देखकर दंग रह रहा है। घटना आज दोपहर की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिला के पर्यटन स्थल बरोट के धरांगण गांव के पास पहाड़ी का एक बहुत बड़ा हिस्सा भरभराकर उहल नदी में समा गया। लोगों को लैंडस्लाइड का पहले ही पता चल गया। उन्होंने मोबाइल में इस पूरे घटनाक्रम को कैद कर दिया।
पहाड़ी का सारा मलबा नीचे बह रही उहल नदी में जा गिरा। जिस कारण उहल नदी के बहाव में थोड़ा परिवर्तन आ गया है। इस लैंड स्लाइड के कारण तरवाण गांव के लोगों की जमीनें ढह गई हैं। वहीं गांव के पास हल्हदेहड़ में स्थित कैंपिंग साईट पर भी खतरे के बादल मंडराने लग गए हैं। प्रशासन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन करने और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दे दिए हैं।